संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अक्षय तृतीया बर्तन, जेवर व वाहन बाजार में बहार लेकर आई है। अक्षय तृतीया पर बर्तन, जेवर, वाहन व अन्य कई वस्तुओं की खरीद शुभ मानी गई है, इसके चलते बाजार में रौनक बढ़ गई है। गत वर्ष की मांग अनुसार कारोबारियों ने बर्तन तैयार कराए और उनकी दुकानों पर आपूर्ति कर दी है। ऐसे ही मांग मुताबिक सराफा दुकानों पर सोने-चांदी के जेवर व वाहन एजेंसियों पर बाइक, एक्टिवा व कार मंगाई गई हैं।
शादियों का सीजन खत्म होने व गर्मियों का सीजन शुरू होने के बाद से बाजार में रौनक कम है। कारोबार व दुकानदारी कम होने से व्यापारी व दुकानदार हताश हैं, जिन्हें अक्षय तृतीया पर करोड़ों रुपये में व्यापार की आस है। अक्षय तृतीया के दिन एडवांस बुकिंग सहित सीधी बिक्री से 50 से 70 करोड़ रुपये के बर्तन, जेवर व वाहन खरीद की उम्मीद लगा रहे हैं।
इसके लिए व्यापारी व दुकानदार दाम में छूट, साथ में कोई उपहार सहित एक्सचेंज ऑफर, बाय वन गेट टू व होम डिलीवरी जैसे ऑफर दे रहे हैं। जिलेभर में औसत 60 दोपहिया और 30 चारपहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग बताई जा रही, जिनको लोग शुक्रवार को एजेंसियों से ले जाएंगे या उन्हें होम डिलीवरी की जाएगी।
बिक्री कई गुना बढ़ने की उम्मीद
विश्वकर्मा चौक समीप स्थित ऑटोमोबाइल एजेंसी के संचालक अशोक गक्कड़ ने बताया कि शादियों का सीजन खत्म होने व गर्मियां शुरू होने के बाद से बिक्री नाममात्र रह गई है। अक्षय तृतीया पर बिक्री कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। इसलिए गत वर्ष में अक्षय तृतीया के दिन की बिक्री को ध्यान में रख वाहन शोरूम पर मंगवाए हैं। कई दोपहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग हैं। बाकी वाहनों की सीधी बिक्री की आस है।
आर्डर पर तैयार कराए जेवरात
जगाधरी के सराफा कारोबारी हरीश वर्मा ने बताया कि इस बार अक्षय तृतीया पर बंपर कारोबार होने की उम्मीद है, क्योंकि इसके कई दिन पहले से लोग आर्डर पर जेवरात तैयार करा रहे हैं। जिसकी वह अक्षय तृतीया पर खरीद करेंगे। ऐसे ही सीधी बिक्री बढ़ने की संभावना है। जेवरों सोने की तगड़ी, टीवी सीरियलों के किरदारों की ओर से पहने जाने वाले गहने खासकर कंगन, झुमके, हार शामिल हैं। इसके अलावा सोने-चांदी के सिक्के भी उपलब्ध हैं।
कोई बर्तन जरूर खरीदते लोग
दि जगाधरी मेटल मैन्युफैक्चरर्स एंड सप्लायर्स एसोसिएशन के महासचिव सुंदर लाल बत्रा ने अक्षय तृतीया पर बर्तन खरीदारी को भी शुभ माना जाता है। हर परिवार प्रयास में रहता है कि कोई न कोई बर्तन जरूर खरीदे। इसे व गत वर्ष में अक्षय तृतीया के दिन की बिक्री को ध्यान में रख बर्तन कारोबारियों ने बर्तन तैयार कराए हैं। जिनकी आपूर्ति भी दुकानों पर कर दी गई है। कारोबारियों व दुकानदारों को अक्षय तृतीया पर करोड़ों में बिक्री की उम्मीद है।