संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री कंवरपाल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण योजना के 4215, डॉ. आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के 512 तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना लाभ वितरण योजना के 451 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके लिए रविवार को जीएनजी गर्ल्स कॉलेज में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। लोगों मुख्यमंत्री का ऑनलाइन संबोधन भी सुना।
मंत्री कंवरपाल ने कहा कि केंद्र व राज्य की सरकार देश व प्रदेश के गरीब, शोषित, वचिंत व पीड़ित को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है। गरीब परिवारों के हितों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आज बीआर आंबेडकर आवास योजना के तहत वर्ष 2023-24 में 512 लोगों को 4 करोड़ 10 लाख रुपये का लाभ मिला। इस योजना के तहत आज 25 नए लोगों को 80-80 हजार रुपये उनके खाते में दिए गए।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान पेंशन के तहत वृद्धावस्था सम्मान भत्ता 3549, दिव्यांग पेंशन 106, बेसहारा व विधवा सम्मान भत्ता 298 व अविवाहित व विधुर 262 लाभार्थियों को करीब 4215 लाभार्थी हैं, जिन्हें 3000 रुपये उनके खाते में भेजे गए, यह राशि करीब 12 करोड़ 65 लाख रुपये बनती है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना लाभ वितरण योजना के तहत 451 लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये की राशि के अधिकार पत्र वितरित किए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में 20 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों के खाते में भेजी।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गरीब के उत्थान के लिए बीड़ा उठाया है, हर गरीब को सरकार की योजना का लाभ मिले इसके लिए उनके लगातार प्रयास है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहले भी ऐसे फैसले लिए जिससे गरीब को मुफ्त स्वास्थ्य मिले, हर घर को जल मिले और हर सिर को छत मिले। संचालन बाल कुंज छछरौली के पीओ दीपक कुमार मंथन ने किया।