हरियाणा के यमुनानगर में सदर थाना क्षेत्र की रूप नगर कॉलोनी बाडी माजरा निवासी अभिषेक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर युवती के साथ फोटो अपलोड कर दी। गुस्साए युवती के भाई ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक को अगवाकर उस्तरे से उसके दाढ़ी, मूछ, सिर व शैलियों के बाल काट दिए। इस दौरान आरोपियों ने युवक की हथौड़े व रॉड से वार कर टांग व बाजू तोड़ दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
रूप नगर कॉलोनी बाडी माजरा निवासी अभिषेक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में काम करता है। शाम को वह तीर्थ नगर में अपने दोस्त की नाई की दुकान पर बैठा था। इस दौरान वहां पर कॉलेज समय में उसकी फ्रेंड रही लड़की का भाई आया। आरोपी ने उसे दुकान से बाहर निकालकर एक्टिवा पर अगवाकर लिया।
जिसके बाद आरोपी उसे रेलवे पुल के पास लेकर गए। जहां आरोपियों ने उसे इंस्टाग्राम पर उसकी बहन के साथ फोटो अपलोड करने पर उस्तरा निकालकर उसके सिर, मूंछ, दाढ़ी व आंखों के ऊपर शैलियों के बाल काट दिए। इस दौरान आरोपियों ने हथौड़े व रॉड से उसके साथ मारपीट की।
उसकी टांग तोड़ दी। एक आरोपी ने हथौड़े से वार कर उसकी बाजू भी तोड़ डाली। बाद में आरोपी उसे एक्टिवा पर बिठाकर डेहा बस्ती के पास छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन आरोपी युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी एसआई ज्ञान चंद का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।