यमुनानगर। पंचायत चुनाव में नामांकन की तिथि खत्म हो चुकी है और 21 अक्तूबर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है। जिले में सबसे अधिक लड़ाई जिला परिषद और सरपंच के लिए है, जिसमें 490 सीटों पर 2660 दावेदारों ने नामांकन किया है। एक सीट के लिए औसत पांच दावेदार हैं। वहीं जिला परिषद की 18 सीटों पर 171 दावेदार हैं। ऐसे में एक सीट पर करीब नौ की दावेदारी है। इसके अलावा पंचायत समिति के कुल 142 वार्ड में 665 नामांकन हुए हैं। पंच पदों की कुल संख्या 3841 है और 5929 लोगों ने नामांकन किया है।
नामांकन के बाद वीरवार को प्रत्याशियों का सारा दिन गठजोड़ में बीता। नामांकन करने वाले कई लोग यह सोच रहे कि वह चुनाव के मैदान में डटे रहें या फिर अपने कदम पीछे खींच लें। इसे लेकर देर रात तक मंथन होता रहा। कई गांवों में सरपंच व पंच का चयन करने को लेकर सर्वसम्मति बनाने के भी प्रयास होते रहे।
गांवों के मौजिज लोग अन्य प्रत्याशियों से लगातार इस बारे में बात करते रहे कि वह अपना नाम वापस ले लें। दरअसल सर्वसम्मति से चुने जाने पर सरपंच और पंच का अपने गांव में रुतबा बढ़ता है, इसलिए प्रत्याशियों द्वारा इतनी जोर आजमाइश की जा रही है। 21 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक लोग चुनाव से अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। ऐसे में मजबूत प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे अन्य लोगों से नामांकन वापस लेने के लिए मनाने में लगे रहे। वहीं निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने वीरवार को प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की।
वार्ड-13 से सबसे अधिक दावेदार
वार्ड 13 के लिए सबसे ज्यादा 18, वार्ड 2, 6, 11, 14 में 11-11 और सबसे कम वार्ड आठ के लिए तीन दावेदार आगे आए हैं। अब देखना है कि शुक्रवार को कितने लोग नाम वापसी लेते हैं और कितने मैदान में रहते हैं।
पंचायत चुनाव में कुछ नाम ऐसे भी होते हैं जो चुनाव लड़ने वाले के कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर होते हैं। इसके अलावा काफी लोग ऐसे भी होते हैं जो समाज में पहचान बनाने व दूसरे प्रत्याशियों पर दबाव बनाने के लिए नामांकन करते हैं। फिर नामांकन वापसी के दिन वह चुनाव नहीं लड़ने और दूसरे प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कह कर अपना नाम वापस ले लेते हैं। 21 अक्तूबर को माना जा रहा है कि नाम वापसी के बाद विभिन्न पदों के लिए आए कुल 9425 नामांकन में से 60 से 70 प्रतिशत ही मैदान में रह जाएंगे।
यमुनानगर में पंचायत चुनाव के लिए हुए कुल नामांकन:
पद जिला परिषद - पंचायत समिति - सरपंच - पंच
कुल 171 665 2660 5929
पुरुष 86 359 1449 3243
महिला 85 306 1211 2686
एससी 70 269 1091 2265
बीसी 40 247 832 2278
सामान्य 61 149 737 1386