संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देने के लिए ओर से शुरू की योजना सुपर 100 की कामयाबी के बाद अब इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। सुपर-100 योजना अब सुपर-400 हो गई है। जिसके तहत अब प्रदेश से 400 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित 400 विद्यार्थियों को सरकार की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इस कोचिंग के साथ विद्यार्थियों को आवासीय शिक्षा की सुविधा भी मिलेगी। सुपर 400 के लिए विद्यार्थियों का चयन शुरू हो गया है। जिसके लिए जिलास्तर पर विद्यार्थियों की पहले चरण की परीक्षा हो चुकी है। जिसका परिणाम मार्च में आएगा। पहले चरण की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। दूसरा चरण पास करने वाले विद्यार्थियों को सुपर 400 योजना का लाभ मिलेगा। जिसके लिए उन्हें कुरुक्षेत्र में आवासीय सुविधा के साथ शिक्षा व कोचिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों को आगे लाना है। सरकार ने 2018 में सुपर-100 योजना शुरू की गई थी। सरकार की महत्वाकांक्षी सुपर-100 योजना की कामयाबी के बाद इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। इस साल प्रदेश से 100 की जगह 400 विद्यार्थियों का चयन इस योजना के लिए किया जाएगा।
पहले चरण के लिए 1300 ने करवाया पंजीकरण
सुपर-400 योजना के लिए जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों से करीब 1300 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। जिसमें कुल 1205 का चयन परीक्षा के लिए किया गया। इन विद्यार्थियों की पहले चरण की परीक्षा छह फरवरी को करवाई गई थी। जिसमें कुल कुल 878 विद्यार्थियों ने भाग लिया। जबकि 327 विद्यार्थी परीक्षा में नहीं बैठे। इनमें कुछ विद्यार्थी निजी स्कूल के भी थी, जिन्होंने योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया था। प्रथम चरण की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा देनी होगी। प्रथम चरण के पास विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र बुलाया जाएगा। जहां उन्हें चार दिन से एक सप्ताह कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग के बाद दूसरे चरण की परीक्षा ली जाएगी। इसके चरण के पास विद्यार्थियों को वहीं कुरुक्षेत्र में ही आवासीय सुविधा के साथ कोचिंग दी जाएगी।
यह है सुपर 400 योजना
सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार है। इसके लिए उन्हें मुफ्त कोचिंग देना है। कोचिंग से विद्यार्थियों को जेईई, आईआईटी, एनडीए, एम्स, नीट इत्यादि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग देकर तैयार करना है। ताकि वे इन परीक्षाओं में पास होकर सरकारी संस्थानों में कोर्स कर सकें। पिछले साल सुपर 100 योजना के तहत जिले से 11 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। चयनित 11 में से दो छात्राओं ने हालही में जेईई मेन्स में शानदार प्रदर्शन कर परीक्षा उर्तीण की है। जिले की जेईई मेंस में प्राथना मिश्रा ने 92.90 व सानिया चौहान ने 87.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
सुपर-100 योजना की कामयाबी के बाद इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। सुपर-100 को बढ़ाकर सुपर-400 कर दिया गया है। जिसके तहत इस बार 400 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा के साथ मुफ्त कोचिंग दी जाएगी।
विशाल सिंघल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।