संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रेम विवाह करने वाली युवती के अपहरण का पटाक्षेप हो गया है। सीआईए-2 ने युवती को बरामद कर अदालत में उसके बयान दर्ज कराए। युवती को उसकी मर्जी के अनुसार उसे पति के सुपुर्द कर दिया गया।
इससे पूर्व बिलोली निवासी मांगे राम मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल से मिलने पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को आश्वासन दिया कि युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मांगे राम ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी शबाना को अपहरण कर ले जाया गया है। उसे नहीं पता कि शबाना किस हाल में है और कहां रखी गई है, जिसको लेकर परिवार लगातार भय और चिंता में जी रहा है। उसका कहना है कि पुलिस के पास आरोपियों के मोबाइल नंबर और कार नंबर तक मौजूद हैं, इसके बावजूद कार्रवाई की रफ्तार बेहद धीमी है। मांगे राम ने आशंका जताई कि शबाना को उसके मायके वालों ने हिमाचल प्रदेश में कहीं छिपा रखा है।
पीड़ित पति मांगेराम ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसने शबाना से कोर्ट मैरिज की थी। उसके परिवार ने इस शादी को स्वीकार कर लिया, लेकिन शबाना के परिजन शुरू से ही इसका विरोध करते रहे और लगातार धमकियां देते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों प्रतापनगर क्षेत्र के नत्थनपुर गांव में उसकी बहन काजल के घर रह रहे थे। जब धमकियां बंद हुईं तो 21 दिसंबर को पहली बार शबाना को ससुराल लाने और रिसेप्शन पार्टी करने का निर्णय लिया गया। इसी दौरान उर्जनी गांव के पास शबाना के परिजनों व रिश्तेदारों ने हमला कर उसे उठा लिया।
सीआईए-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने देर शाम बताया कि युवती शबाना को यमुनानगर से बरामद कर लिया गया। उसके अदालत में बयान दर्ज कर कराए गए। उससे उसकी मर्जी के अनुसार पति के हवाले कर दिया गया।