छछरौली। तिहाणो गांव में प्रशासन ने गली पर किए अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। डीसी के निर्देश पर बीडीपीओ छछरौली व ड्यूटी मजिस्ट्रेट कार्तिक चौहान की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान जेसीबीनों से गली में किए निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि गली पर कब्जा करने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर राजस्व एवं पंचायत विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि गली की निर्धारित चौड़ाई 11 फीट है, परंतु कार्रवाई केवल एक ओर किए निर्माण पर की गई है। उनका आरोप है कि यदि रास्ता पूरी चौड़ाई में खोला जाना है तो दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटाए जाने चाहिए।
गली के मलकीत और सीता देवी ने कहा कि संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उन्हें सेशन कोर्ट से स्थगन आदेश भी प्राप्त है। बावजूद इसके बिना नोटिस दिए उनके मकानों को नुकसान पहुंचाया गया है। यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की गई है। वहीं, ड्यूटी मजिस्ट्रेट कार्तिक चौहान ने कहा कि डीसी के निर्देशानुसार कार्रवाई नियमाें के तहत कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक भूमि पर किया अतिक्रमण हटाकर रास्ता खाली करवाया जा रहा है। सार्वजनिक भूमि पर कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।