बिलासपुर। अंबाला के गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब व गुरुद्वारा मंजी साहिब में हरियाणा पुलिस बल व अर्ध सैनिक बल द्वारा तंबाकू, शराब व शेविंग के मामले पर हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बैठक गुरुद्वारा पहली व दसवीं पातशाही कपालमोचन में हुई। जिसमें पूरे प्रकरण को लेकर रोष प्रकट किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य हरप्रीत सिंह जंगी ने की। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा के मैनेजर के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा में किसी भी प्रकार के असंवैधानिक कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिख संगत पूरे प्रकरण को लेकर नाराज है। जंगी ने कहा कि अर्ध सैनिक बल के कर्मचारियों द्वारा गुरु घर में नशीले पदार्थ को लेकर जाना गुरु घर की मर्यादा को भंग करना है। गुरु का घर सभी के लिए है। जिसमें सभी को जाने कह अनुमति होती है। गुरु घर की अपनी मर्यादा है। जिसका पालन करना प्रत्येक संगत का कर्तव्य बनता है। जंगी ने कहा कि मैनेजर को बर्खास्त करने के लिए वह जल्द ही हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान व सचिव से मिलेंगे। इस मौके पर उपकार सिंह, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, गुरलाल सिंह, रजिंद्र सिंह सहित सिख संगत मौजूद रहे।