संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फर्जी दस्तावेजों पर एनआरआई राकेश कपूर की करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी बेचने के मामले में गिरफ्तार आरोपी राममेहर का पांच दिन का रिमांड खत्म हो गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से एक भी रुपये की रिकवरी नहीं कर पाई। रुपयों की रिकवरी के लिए आर्थिक अपराध शाखा ने राममेहर को अदालत में पेश कर दोबारा दो दिन का रिमांड लिया है।
मामले में अभी तक पुलिस ने आरोपी से केवल एक कार बरामद की है। आर्थिक अपराध शाखा इंचार्ज सुभाष का कहना है कि आरोपी राममेहर को दोबारा दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड पर आरोपी से फर्जीवाड़े के रुपयों की रिकवरी की जाएगी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एनआरआई राकेश कपूर की मॉडल टाउन स्थित 409 वर्ग गज की प्रॉपर्टी को आरोपियों ने मिलीभगत करके आठ करोड़ 58 लाख रुपये में बेच दिया था। इस केस में अब तक दिल्ली निवासी परमजीत कौर, प्रॉपर्टी डीलर अश्विनी कुमार, उर्दू अनुवादक इस्लाम, उसकी भाभी इमराना व भाई रमजान व एसडीएम कार्यालय कर्मी राममेहर काे गिरफ्तार किया जा चुका है। सेक्टर 18 निवासी आरोपी राममेहर पुलिस रिमांड पर है। प्रॉपर्टी बेचने के बाद प्रॉपर्टी डीलर अश्विनी कुमार के हिस्से में 32 लाख रुपये आए। इसी तरह से दिल्ली निवासी परमजीत के हिस्से में लगभग एक करोड़ रुपये आए। पुलिस ने उसका खाता पहले ही सीज करा दिया था। राममेहर के हिस्से में लगभग दो कराेड़ रुपये आए। वहीं, उर्दू अनुवादक इस्लाम को भी एक करोड़ से अधिक मिले थे।