हरियाणा-उत्तर प्रदेश की सीमा पर बाइक सवार और पुलिसकर्मी के बीच बहस हो गई। बहस भी चालान कटाने के बाद पुलिसकर्मी द्वारा युवक को थप्पड़ को लेकर हुई है। ऐसे में मामला एसपी मोहित हांडा तक पहुंच गया। युवक ने मामले में एसपी को शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। दरअसल मधुर कॉलोनी निवासी भूपेंद्र कुमार ने कलानौर में वाहनों की जांच के दौरान एक पुलिसकर्मी पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। आरोप है कि जांच के दौरान बाइक की आरसी न होने पर पुलिस कर्मी उस पर भड़का गया। बकायदा इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हो रहा है। भूपेंद्र ने इसकी शिकायत एसपी को देकर आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग की है।
भूपेंद्र कुमार ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह बहन की दवा लेने के लिए बाइक पर सहारनपुर के चिल्काना जा रहा था। रास्ते में हरियाणा-उत्तर प्रदेश की सीमा के साथ लगते कलानौर नाके में कुछ पुलिस वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। जांच के लिए वह भी नाके पर रुका और उसने अपनी बाइक के दस्तावेज दिखाए। लेकिन उस समय उसके पास आरसी नहीं थी। उसने मोबाइल में आरसी दिखाई, लेकिन पुलिस कर्मी ने उसे नहीं माना और उसे डांटना शुरू कर दिया।
भूपेंद्र का आरोप है कि इस दौरान एक पुलिस कर्मी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। उसने वीडियो बनानी शुरू की तो उसका मोबाइल लेकर जमीन पर दे मारा। आरोप है कि पुलिस कर्मी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगा। एसपी को शिकायत देकर भूपेंद्र ने मांग की है कि पुलिस कमी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित के अनुसार एसपी ने उसे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुझे मामले की जानकारी नहीं है, आज छुट्टी थी। मामले के बारे में कल पता किया जाएगा।
कंवलजीत सिंह, डीएसपी मुख्यालय