गांव चुहड़पुर कलां में गन्ना बुवाई के लिए जुटाया खाद व बीज में कुछ लोगों ने आग लगा दी। घटना के समय मौके पर मौजूद बुजुर्ग किसान को भी उक्त लोगों ने आग में फेंकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। पीड़ित ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तो सब कुछ जलकर राख हो चुका था। किसान ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दी है।
चुहड़पुर कलां निवासी किसान गुरदेव ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह खेती करता है। उसने गांव में ही खेती करने के लिए जमीन ठेके पर ली है। जिस पर गन्ना बिजने की तैयारी कर रहा था। बिजाई के लिए वह बीज, खाद, दवाइयां लेकर लेकर आया था। इस दौरान गांव की एक महिला व दो आदमी वहां आ गए। उन्होंने आते ही खाद, बीज, दवाइयों में आग लगा दी। उसने आग पर काबू पाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनसे आग में फेंकने का प्रयास किया। वह किसी तरह वहां से भाग निकला, जिससे उसकी जान बच गई। उसने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। गुरदेव सिंह ने कहा कि आरोपी उससे रंजिश रखते हैं। जिसके चलते वे लोग उसे आर्थिक, मानसिक व शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान ने बताया कि पुलिस शिकायत करने पर धमकियां मिल रही हैं। किसान ने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो वह गृहमंत्री अनिल विज घर के बाहर भूख हड़ताल पर बैठेगा।
इस बारे में थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि चुहड़पुर कलां से किसान गुरदेव सिंह ने गांव की एक महिला व दो आदमियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।