संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी को अपने साथ ले जाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में परिजनों ने अपहरण और बेटी को छोड़ने के बदले एक करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
पीड़ित पिता के अनुसार उनकी बेटी पहले जगाधरी क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ती थी। इसी दौरान गांव का युवक सादमान उसे परेशान करने लगा और स्कूल आते-जाते उसका पीछा करता था। शिकायत के बाद कुछ समय मामला शांत रहा, लेकिन बाद में बेटी का दाखिला जगाधरी के स्कूल में कराने पर भी आरोपी उसका पीछा करता रहा और रास्ते में अभद्र हरकतें करने लगा। परिवार ने युवक के पिता से भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों का कहना है कि पांच जून को किशोरी अपने मामा के घर से लापता हो गई। उसी रात युवक के पिता जुलफान का फोन आया और मिलने पर बताया गया कि किशोरी उसके बेटे के साथ है। आरोप है कि बेटी को वापस करने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग की गई। थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि फिरौती मांगने के आरोपों की भी गंभीरता से तथ्यों के आधार पर जांच जारी है।