संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक्सयूवी 300 कार में अवैध हथियारों की तस्करी करने के आरोपी को सीआईए वन की टीम ने गढ़ी रोड हमीदा के पावर हाउस के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से चार पिस्टल, एक देसी मशकट, छह पिस्टल मैगजीन, 20 कारतूस किए गए। आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी गुलाम मुस्तफा डार के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी पुराना हमीदा निवासी साहिल अलवी के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की तस्करी करता है। आरोपी गुलाब मुस्तफा को अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे चार दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पुराना हमीदा निवासी गुलाम मुस्तफा व उसका साथी साहिल अलवी अवैध हथियारों की तस्करी करते हैं। आरोपी मुस्तफा कार मेंं सवार होकर हथियारों के खेप लेकर गढ़ी रोड हमीदा से होता हुआ विश्वकर्मा चौक की तरफ जाएगा। इस सूचना के आधार पर टीम ने पावर हाऊस के पास से नाकाबंदी कर जांच की।
कुछ देर के बाद पुराना हमीदा की तरफ से एक्सयूवी 300 कार आई। टीम ने कार रुकवाकर तलाशी ली तो उसके पास से 30 बोर लोड अवैध पिस्टल बरामद हुई। गाड़ी की तलाशी ली में आगे वाली सीट पर रखे बैग में से तीन अवैध पिस्टल मैगजीन सहित, एक अवैध मस्कट गन 12 बोर, 15 कारतूस 32 बोर, चार कारतूस 12 बोर व छह अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी पर पहले भी एक मामला दर्ज है, जो कोर्ट में विचाराधीन है।
उत्तर प्रदेश से साथी लेकर आता था अवैध हथियार
इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि पूछताछ में गुलाम मुस्तफा डार ने बताया कि वह पिछले करीब 6-7 महीने से इन अवैध हथियारों बेचने का काम करता है। पुराना हमीदा निवासी साहिल अलवी यह अवैध हथियार उत्तर प्रदेश से खरीद कर लाता है। इसके बाद वह यहां इन्हें अधिक दाम पर बेचता है। मुनाफे की राशि को दोनों साथी आपस में बांट लेते है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पर पहले भी मारपीट का केस दर्ज हैं व उसके दोस्त पर संगीन धाराओं के जिला यमुनानगर व अन्य राज्यों में भी केस दर्ज हैं।