थाना सदर जगाधरी पुलिस ने खुद को डिटेक्टिव स्टाफ बताकर चोरी के केस से युवक का नाम निकालने की एवज पर 60 हजार रुपये की मांग करने के आरोपी गुलाब नगर के रामनगर निवासी शरणजीत सिंह उर्फ काला और गुलाब नगर निवासी प्रमोद कुमार उर्फ बगलोल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से मोबाइल बरामद कर लिए हैं। अदालत ने दोनों आरोपियों न्यायिक हिरासत में भेज दिया ।
थाना प्रभारी कुसुम बाला ने बताया कि गांव मेहलावाली निवासी बलिंद्र ने शिकायत दी थी कि 14 मई को उसके मोबाइल पर एक नंबर से लगातार कॉल आ रही थी। उसने कॉल रिसीव की तो फोन करने वाले ने कहा कि वह डिटेक्टिव स्टाफ से बोल रहा है। उन्होंने गांव मेहलावाली निवासी मोनू उर्फ पाचर को पकड़ा है। उसके पास से चोरी की बाइक मिली है। वह बता रहा है कि उसने बाइक उनके गांव के ही रोहित से ली है। अगर वे रोहित को बचाना चाहते हैं तो 60 हजार रुपये लगेंगे।
तब उसने फोन करने वाले से कहा कि वह बाद में बात करेगा। वह रोहित के घर पर गया। उसी समय उसके पास फिर से कॉल आई। उसने कहा कि वह रोहित को केस से बाहर निकाल देगा। तब उसने रोहित की माता से बात कराई। तब भी उसने 60 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद वे गांव के सरपंच धर्मपाल के पास गए। फिर से उनके पास कॉल आई और तब वह रोहित को जान से मारने की धमकी देने लगा। इस शिकायत पर पुलिस अज्ञात पर केस दर्ज किया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की गई तो उन्हें पता चला कि जिस नंबर से कॉल आई थीं, वह गुलाब नगर निवासी शरणजीत सिंह व प्रमोद कुमार के हैं। इसके बाद दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रुपये मांगने की बात कबूल कर ली। आरोपियों से मोबाइल बरामद कर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।