संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ब्याज के पैसों की किश्त न देने पर एक युवक को जान से मारने की धमकी दी गई। फाइनेंसर का एक आदमी युवक को अपने साथ बाइक पर ले गया और बंधक बना लिया। युवक के परिजनों ने एसपी से इसकी शिकायत की। एसपी के आदेश पर बिलासपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में गांव फेरुवाला निवासी मनकोरी ने बताया कि उसका लड़का विक्रम मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है। वह बिलासपुर में कादर मोटर पर नौकरी करता है। उसी दुकान के पास श्रीराम नाम के युवक ने फाइनेंस का कार्यालय खोल रखा है। आरोप है कि 15 अक्तूबर को सुबह 8 बजे उनके घर के मोबाइल पर कॉल आई और उन्होंने विक्रम से बात करने को कहा।
विक्रम के द्वारा बात करने पर उक्त युवक ने कहा मैं तुम्हारे घर पर आ रहा हूं। कुछ देर बाद सनखेड़ा निवासी अभिषेक उनके घर पर पहुंच गया और विक्रम को छह हजार की किस्त न देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अभिषेक विक्रम को जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर श्री राम के पास ले गया।
वहां से विक्रम अभी तक वापस नहीं आया है। एसपी ने तुरंत ही इस मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी के आदेश के बाद अभिषेक व श्री राम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस का मामला दर्ज कर युवक और आरोपी की तलाश की जा रही है।