साढौरा। पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी की बाइक बरामद कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए पहाड़ीपुर नाका के पास घूम रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक अनिल की टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। उन्होंने उसे रोक कर सख्ती से पूछताछ की तो बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की पहचान नई टोली कच्चा किला साढ़ौरा निवासी रोहित कुमार के नाम से हुई। आरोपी ने यह बाइक 22 जनवरी को साढ़ौरा से चोरी की थी। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि रमदासिया मोहल्ला साढ़ौरा निवासी गौरव ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 22 जनवरी को उसके घर के बाहर से कोई व्यक्ति बाइक चोरी करके ले गया था।