सेक्टर-18 टाउन पार्क के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए युवक ने पीजीआई चंडीगढ़ जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। शहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
जांच अधिकारी एएसआई कुशल पाल ने बताया कि वीरवार रात उन्हें सूचना मिली थी कि सेक्टर-18 टाउन पार्क के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए एक युवक को यमुनानगर स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उन्होंने ट्रामा सेंटर में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उन्हें पता चला कि युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। घायल युवक ने चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी ओर मटका चौक पर ट्रक की चपेट में आने से गांव रामपुर भरना मुरली जिला सहरसा, बिहार निवासी शंभू की मौत हो गई। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया तथा ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सतपाल ने बताया कि न्यू जैन नगर कॉलोनी निवासी जब्बार सिंह ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मटका चौक पर किसी काम से गया था। इस दौरान एक ट्रक चालक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।