जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर लालढांग के नजदीक एक स्कूल वैन, ट्रैक्टर और डंपर की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो भाइयों की मौत हो गई। मृतक बिहार के किशनगढ़ जिले के रहने वाले थे। वहीं स्कूल वैन में सवार एक महिला और चार बच्चों समेत छह घायल हो गए। सभी घायल पटियाला के रहने वाले हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
रोपड़ के दशमेश स्कूल के विद्यार्थी वैन में सवार होकर पावंटा साहिब धार्मिक भ्रमण के बाद लौट रहे थे। बस मेें बच्चों समेत 28 लोग सवार थे। बस में सवार सतनाम सिंह ने बताया कि हरियाणा सीमा में आते ही लालढांग पहुंचने पर सामने से एक टाइलों से लदा ट्रैक्टर आ रहा था। ट्रैक्टर पर बिहार के किशनगढ़ जिला निवासी आजुल और आलम सवार थे।
ट्रैक्टर को एक डंपर ओवरटेक कर रहा था। इसी बीच ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूल वैन से टकरा गया। इससे स्कूल वैन साइड में पलट गई और ट्रैक्टर पर सवार दो व्यक्ति ट्रैक्टर के नीचे दब गए। आजुल और आलम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों से डंपर भी जा टकराया। उधर, स्कूल वैन में सवार एक महिला और पांच बच्चे घायल हो गए।
घायलों में पटियाला के पातला निवासी संदीप कौर, वैन का चालक सतनाम सिंह व बच्चे कुलदीप सिंह व करतार सिंह सहित दो अन्य बच्चियां घायल हो गईं। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया। यहां दो बच्चियों को पीजीआई रेफर कर दिया गया। हादसे का पता चलने पर डीएसपी बिलासपुर व थाना खिजराबाद एसएचओ मौके पर पहुंचे। उधर, हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। जाम में अन्य वाहनों के अलावा रोडवेज की बसें भी घंटों फंसी रहीं।