टोडरपुर के पास आवर्धन नहर में शुक्रवार रात अनियंत्रित होकर एक होंडा सिटी कार गिर गई। नहर में डूबने से कार चालक की मौत हो गई। उसका शव शनिवार को नहर में मिली कार की छत में खुलने वाली खिड़की (सनरूफ) में फंसा मिला। आवर्धन नहर में पड़ी कार को देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव व कार को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान सहारनपुर के चंद्रनगर निवासी विवेक कुमार (37) के रूप में हुई। विवेक कुमार अवतार लोजस्टिक फर्म में कार चालक था। फर्म के काम से जालंधर गया था। आशंका जताई जा रही है कि वहां से लौटते हुए रास्ता भटकने पर वह पांजूपुर के रास्ते पर आ रहा था। अनियंत्रित होकर कार आवर्धन नहर में गिर गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
सहारनपुर के चंद्र नगर निवासी विवेक कुमार की शहर के कैंप में रिश्तेदारी है। बताया जा रहा है कि जालंधर से लौटते समय वह कैंप स्थित रिश्तेदारी में चला गया। रिश्तेदारों को मिलने के बाद करीब सात बजे वह यहां से सहारनपुर के लिए निकला था। आशंका जताई जा रही है कि विवेक पुराना हमीदा के रास्ते नेशनल हाईवे पर जा रहा था। इसी दौरान वह रास्ता भटककर आवर्धन नहर के साथ साथ जा रहे पांजूपुर वाली सड़क पर चला गया। जहां उसकी कार आवर्धन नहर में जा गिरी। यह हादसा रात के समय का है। इसके करीब 15 घंटे बाद शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने कार को आवर्धन नहर में टोडरपुर के पास देखा।
डेढ़ बजे ग्रामीणों ने आवर्धन नहर में कार पड़ी होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद करीब दो बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया। कुछ ही देर में गोताखोर अमर सिंह अपने साथियों के साथ आवर्धन नहर पर पहुंच गए। वहीं पुलिस ने क्रेन को भी मौके पर बुलाया। इस दौरान करीब चार घंटे तक सर्च अभियान चला। करीब चार बजे टोडरपुर के नजदीक से गोताखोरों ने चालक के शव को बरामद किया। इसके बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार को अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त था। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों व राहगीरों की आवर्धन नहर किनारे भीड़ लगी रही।