लघु सचिवालय रोड पर हुडा सेक्टर 18 के मोड के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल को जगाधरी अस्पताल ले गए, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की एक साल पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव चाहड़ो निवासी पवन कुमार ने बताया कि देर शाम उसका बेटा प्रिंस अपनी ससुराल गांव औरंगाबाद जाने के लिए घर से बाइक पर निकला था। जैसे ही वह लघु सचिवालय रोड के सेक्टर-18 के मोड पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो किसी ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास के लोगों ने उसे पहले जगाधरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रैफर किया गया। वहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
दिल्ली से यमुनानगर आ रही हरियाणा रोडवेज की बस जोडिय़ां के नजदीक डिवाइडर पर पलट गई। गनीमत रही कि जान माल की हानि नहीं हुई। रोडवेज प्रबंधन के मुताबिक दिल्ली से यमुनानगर आते समय बस खराब हो गई थी। बस में सवारियां नहीं थी। देर रात करीब साढ़े 12 बजे के बाद जैसे ही बस जोडिय़ां के नजदीक पहुंची तो आगे ट्रैक्टर ट्राली आ गया, जिसे बचाते हुए बस डिवाइडर पर जा चढ़ी और पलट गई। सूचना पर गांधी नगर पुलिस ने मौका किया। देर शाम तक पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं थी। उधर रोडवेज के डीआई मायाराम के मुताबिक हादसे में कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ।