कलेसर नेशनल पार्क में हाईवे पार कर रहे एक सांभर को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सांभर बुरी तरह से जख्मी हो गया और उसने तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक ने नाके पर तैनात वाइल्ड लाइफ के कर्मचारियों को कोई जानकारी नहीं दी और वह मौके से भाग गया।
सुबह तड़के सैर पर निकले ग्रामीणों को हाईवे पर खून से लथपथ सांभर का शव पड़ा दिखाई दिया तो उन्होंने इसकी सूचना वाइल्ड लाइफ विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। उसके शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारियों ने मृत शरीर को दफना दिया। उन्होंने बताया अक्सर जंगली जानवर रात के समय हाईवे पर आ जाते हैं। पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। इस बारे में वाहन चालकों को साइन बोर्ड के माध्यम से चेतावनी भी दी जा रही है। इसके बावजू हादसे हो रहे हैं। कई महीने पहले एक तेंदुए की भी इसी तरह से मौत हो चुकी है।