छप्पर थाना क्षेत्र के गांव जागधौली के नजदीक आंबवाला मोड़ पर दो बाइक की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक चालक घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव जागधौली निवासी अमन कुमार ने बताया कि उसका भाई राजेश कुमार (29) शुक्रवार देर शाम किसी काम से साढौरा गया था। देर रात वह वहां से लौट रहा था। गांव के ही नजदीक आंबवाला जाने वाले मोड़ पर सामने से आ रहे बाइक चालक ने उसके भाई की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक चालक युवक घायल हो गए। दानों को सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक गांव चाहड़वाला राहुल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
टैंकर की टक्कर से बच्ची घायल : उधर, गांव मलिकपुर बांगर में सड़क किनारे चल रही 11 वर्षीय बच्ची को टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची घायल हो गया। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। मलिकपुर बांगर निवासी मनीषा ने बताया कि वह अपनी 11 वर्षीय बेटी महक के साथ घूमने के लिए निकली थी। जब सड़क किनारे चल रहे थे तो पीछे से आ रहे टैंकर ने बच्ची को टक्कर मार दी।
बाइक की टक्कर राहगीर घायल : उधर, गांव कुटीपुर निवासी संजीव ने बताया कि किसी काम से वह भुड़कला गांव में गया था। जब वह वहां से लौट रहा था तो गांव भूड़कलां के नजदीक बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी चालक भूडकलां निवासी रिंकू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।