नेशनल हाईवे 73 पर कलानौर के पास कार की टक्कर से बाइक सवार टेलर की मौत हो गई। टेलर हुडा सेक्टर 17 स्थित बुटीक में काम करता था और मंगलवार देर शाम छुट्टी कर अपने घर सहारनपुर बाइक से लौट रहा था। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र के गांव अहमदपुर निवासी जगदीश कुमार (35) जगाधरी के हुडा सेक्टर 17 स्थित ओडनी बुटीक में टेलर का काम करता था। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह छुट्टी कर बाइक पर घर लौट रहा था। चंडीगढ़-रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर गांव कलानौर के पास स्थित महाराजा ढाबा के नजदीक सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक कार सहित मौके से भाग गया। आसपास के लोगों ने जगदीश को ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।
मौके से मिली कार की नंबर प्लेट : मृतक की शिनाख्त उसकी जेब से मिले दस्तावेज के आधार पर की गई। पुलिस ने मौके से कार की नंबर प्लेट बरामद की है जिस पर अस्थायी नंबर लिखा हुआ है। नंबर प्लेट के आधार पर कार पंजाब की है।
अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। मौके से मिली नंबर प्लेट के आधार पर कार चालक की तलाश जारी है।
राजेंद्र सिंह, एसएचओ, सदर थाना यमुनानगर