तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचला, एक युवक की मौत
सोमवार देर रात दो बजे विश्वकर्मा चौक के पास हुआ हादसा, दो युवक पीजीआई रैफर
माई सिटी रिपोर्टर
यमुनानगर। कैंप स्थित विश्वकर्मा चौक पर सोमवार देर रात दो बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौके हो गई, जबकि दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मौका मुआयना करके पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान 23 वर्षीय पाबनी निवासी प्रिंस के रूप में हुई है। वह गांव के दोस्त लखविंद्र व प्रदीप के साथ रादौर रिश्तेदारी में गया था। लौटते समय यह हादसा हुआ।
पांबनी लखविंद्र व प्रदीप ने पुलिस को बताया कि वे गांव के 23 वर्षीय प्रिंस के साथ सोमवार को रादौर स्थित उसकी रिश्तेदारी में गए थे। देर रात वह घर लौट रहे थे। दो बजे के करीब विश्वकर्मा चौक से आगे पहुंचने पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार आल्टो कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक चालक प्रिंस सड़क के बीच गिर गया और चालक उसे कुचलता हुआ निकल गया। प्रिंस के सिर से कार निकलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादस में लखविंद्र की टांग में फ्रेक्चर आया गया। जबकि प्रदीप को हाथ और पैर में चोट आई। लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इस दौरान लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने एसडीएम कार्यालय से कार के नंबर निकलवा कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद प्रिंस का शव परिजनों को सौंप कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।