संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शूटिंग के 27वें सॉल्वो कप के लिए पंजाब के मोहाली में प्रतियोगिता करवाई गई। जिसमें विभिन्न राज्यों व जिले के शूटर्स ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जिले से सरस्वती शूटिंग अकादमी के शूटर्स ने भी भाग लिया। इस दौरान शूटर्स ने शानदार प्रदर्शन कर सात पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
कोच प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ शूटर्स ने भाग लिया था। इस दौरान एयर राइफल पुरुष (आईएसएसएफ) वरिष्ठ वर्ग में सिद्धार्थ गौड़ ने 629.6 शानदार अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, रायसिंह तंवर ने 626.4 स्कोर बनाकर रजत पदक अपने नाम किया। इसी तरह एयर पिस्टल पुरुष (आईएसएसएफ) वरिष्ठ वर्ग में निर्भय बेनीवाल ने 583 के व्यक्तिगत स्कोर व चैंपियनशिप के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
निशांत कांबोज ने 579 के बेहतरीन स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। इसके अलावा एयर पिस्टल पुरुष (आईएसएसएफ) के कनिष्ठ वर्ग में अखिलेश ने 580 के व्यक्तिगत स्कोर पर स्वर्ण पदक जीता। एयर पिस्टल पुरुष के सब युवा वर्ग में आर्यवीर ने 563 के सम्मानजनक स्कोर के साथ रजत पदक पर कब्जा किया। इसके अतिरिक्त चैंपियंस ऑफ चैंपियंस में निशांत कांबोज सेकेंड रनर अप रहा व कांस्य पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया।
कोच प्रदीप सिंह ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों को अर्जुन अवार्डी व ओलंपियन अंजुम मोदगिल व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता बाबूराम ने पदक, ट्रॉफी व पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, दो रजत व दो कांस्य पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर सरस्वती शिक्षण संस्थान प्रबंधन समिति व विद्यालय प्राचार्य सुमित जिंदल ने शूटर्स व शूटिंग कोच को बधाई दी।