संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई दृष्टिहीन किशोरी का सोमवार को मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में गर्भपात कर दिया गया। डॉक्टराें के अनुसार, किशोरी की हालत स्थिर है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। उम्मीद है कि मंगलवार को उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। दूसरी ओर मामले में आरोपी दो अज्ञात युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि किशोरी की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। उसे पेट दर्द के साथ उल्टी की शिकायत थी। उसे कई डॉक्टरों से दवाई दिलाई परंतु वह ठीक नहीं हुई तो उसे शनिवार काे मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल लाई। डॉक्टर ने शक के आधार पर प्रेगनेंसी टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इसके बाद किशोरी का अल्ट्रासाउंड कराया गया, जिसमें दो माह के गर्भ की पुष्टि हुई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि अप्रैल में दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। आंखों से दिखाई न देने के कारण वह उन्हें पहचान नहीं सकती। पीड़िता के बयान पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी पुलिस और बाल कल्याण समिति को दी गई थी।
इसके बाद किशोरी के भविष्य को देखते हुए समिति व डॉक्टरों ने उसका गर्भपात करने का निर्णय लिया। सहमति मिलने के बाद सोमवार को किशोरी का गर्भपात कर दिया गया। वहीं बाल कल्याण समिति की तरफ से इस बारे में थाना हुडा सेक्टर-17 में बात की गई जिन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की ताकि किशोरी को इंसाफ दिलाया जा सके।
मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि डॉक्टराें की टीम द्वारा किशोरी का गर्भपात कर दिया गया है। उसकी हालत ठीक है। पूरी तरह स्वस्थ्य होने के बाद किशोरी को अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।