संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। आम आदमी पार्टी की ओर से कांबोज धर्मशाला में कार्यक्रम किया गया। अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट में धांधली के विरोध में प्रदर्शन किया। वहीं एसडीएम रादौर को ज्ञापन देकर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच की मांग की।
यहां डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा नीट के रिजल्ट में गड़बड़ी ने लाखों विद्यार्थियों का भरोसा तोड़ दिया है। सरकार में देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा पर भी सवालिया निशान लग गए हैं। लाखों विद्यार्थी व अभिभावक इस वजह से मानसिक तनाव में है। 1583 विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स दिए और कई जगह परीक्षा में गड़बड़ी से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में है।
करीब 24 लाख विद्यार्थियों से धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस कोर्स में एडमिशन पाने के लिए 12वीं के विद्यार्थी प्री मेडिकल नीट देते हैं। नीट देश के प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। इससे पहले कभी ऐसा कभी नहीं हुआ कि पैसे देकर पीएमटी में अच्छे नंबर ला सकते हैं। कुछ दिनों से लगातार गुजरात के गोदरा, बिहार के पटना व उत्तर प्रदेश से परीक्षा में जुड़े घोटाले की खबर आ रही हैं।
बिहार पुलिस ने भी माना कि नीट के प्रश्न पत्र के लिए छात्रों से 30 से 50 लख रुपये लिए गए हैं। गुजरात के गोधरा में एग्जाम सेंटर के डिप्टी सुपरिटेंडेंट खुद भ्रष्टाचार में शामिल मिले। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री चौधरी आदर्श पाल, नरेश लाल कांबोज, शिवकुमार शास्त्री, चौधरी रणधीर सिंह, चौधरी बीर लाल, जय किशन शर्मा, कंवरपाल जड़ौदा, रूपेश, रवि सांगीपुर, गगनदीप सिंह, रीटा बहमनिया, इंद्राज, कर्मबीर सिंह बुटर आदि मौजूद रहे।