संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने बाइक चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से दो और बाइक बरामद कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक को बेचने के लिए कलानौर बॉर्डर से होता हुआ उत्तर प्रदेश की तरफ जाएगा। इस सूचना के आधार पर उनकी टीम ने मौके पर जाकर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। टीम ने रोक कर जांच की तो उसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई। आरोपी कि पहचान गांव गोलनी निवासी मोहित उर्फ बाची के नाम से हुई।
आरोपी से जो बाइक बरामद हुई है वह बाइक उसने छह फरवरी को थाना सदर यमुनानगर क्षेत्र से चोरी की थी। इसके अलावा आरोपी ने पूछताछ में चोरी की और दो बाइक का खुलासा किया। आरोपी ने आठ जनवरी को जगाधरी कोर्ट के बाहर पार्किंग से बाइक चोरी की थी और एक बाइक 15 जनवरी को हुड्डा सेक्टर-18 के टाउन पार्क से चोरी की थी। आरोपी से तीनों बाइक बरामद कर ली है। आरोपी पर पहले भी चोरी के 10 मुकदमे दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।