संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। जगाधरी-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतापनगर के समीप ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से सोमवार देर रात बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव कांसेपुर निवासी अमन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, दो महीने बाद अमन की शादी की तारीख भी तय हो चुकी थी, लेकिन शादी की खुशियां देखने से पहले ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
थाना प्रतापनगर प्रभारी रोहताश ने बताया कि अमन सोमवार को किसी काम से बाइक पर प्रतापनगर आया हुआ था। रात के समय जब वह जगाधरी-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था तो प्रतापनगर के समीप एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। अमन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों की मदद से घायल अमन को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जिस घर में कुछ समय बाद शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से भाग गया।
थाना प्रतापनगर प्रभारी रोहताश ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।