संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के अचानक ब्रेक लगाने से सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें गांव पिरथीपुर के 29 वर्षीय युवक कौशल की मौत हो गई और उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलास सुरू कर दी है।
थाना व्यासपुर पुलिस को दिए बयान में घायल राहुल ने बताया कि वह कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का कोर्स पूरा कर चुका है और वर्तमान में सेक्टर-75 मोहाली, एसएएस नगर (पंजाब) में ट्रेनिंग कर रहा है। उसका चचेरा भाई कौशल मैकेनिकल ड्राफ्ट्समैन में आईटीआई कर चुका था और मोहाली की एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
वह दोनों गांव पिरथी पुर से बाइक पर मोहाली के लिए निकले थे। बाइक कौशल चला रहा था। राहुल पीछे बैठा था। सुबह करीब 5:30 बजे जब वे व्यासपुर से रणजीतपुर रोड पर गांव मिलक्डा मोड़ के पास पहुंचे, तभी आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तेज रफ्तार में चलते हुए अचानक ब्रेक लगा दिए।
राहुल ने बताया कि अचानक ब्रेक लगने से बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस पर कौशल को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया, जबकि वह खुद भी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। राहुल ने पुलिस को बताया कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली का नंबर नहीं देख सका।
सामने आने पर चालक और वाहन की पहचान कर सकता है। राहगीरों की मदद से दोनों को एम्बुलेंस के जरिए पहले सीएचसी व्यासपुर पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल जगाधरी रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कौशल को मृत घोषित कर दिया। राहुल का इलाज जारी रहा।