संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांधी नगर रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर युवक का शव मिला। जीआरपी को मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत होने की सूचना मिली है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
सोमवार का सुबह को रेलवे में ट्रैकमैन ने जीआरपी थाने पर सूचना दी कि गांधी नगर थाने के पास ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की जेब से उसका आधार कार्ड भी मिला है। इससे उसकी शिनाख्त शुभम निवासी आदर्श नगर कालोनी के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दी। परिजनों के मुताबिक मृतक पास की ही एक किराने की दुकान पर काम करता था। वह सुबह साढ़े नौ बजे घर से निकला था।
रात को साढ़े नौ बजे तक ही वह वापस लौटता था। रविवार की रात को जब वह नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश की थी। परिजन रेलवे फाटक के पास भी आए थे।। परिजनों ने युवक की हत्या होने की आशंका जताई है। मृतक के मोबाइल से कुछ रिकॉर्डिंग भी मिली हैं।