संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। झींवरेहड़ी में गुरुद्वारा के नजदीक लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक से नीचे गिरने से ट्रैक्टर का टायर महिला की टांग के ऊपर से निकल गया। उपचार के दौरान महिला की टांग काटनी पड़ी। वहीं चोट लगने से महिला के पति को भी एक आंख से दिखना बंद हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया।
थाना सदर जगाधर पुलिस को दी शिकायत में महलांवाली गांव के सुखदेव सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को वह अपनी पत्नी गुरलीन कौर के साथ जगाधरी से सामान लेने के लिए बाइक पर घर से चले थे। झींवरेहड़ी मोड़ गुरुद्वारा के नजदीक ट्रैक्टर ट्राॅली पॉपुलर की लकड़ी लोड करके ले जा रहा था। जब वह उसके पास से जा रहे थे तो चालक ने अचानक ट्रैक्टर को मोड़ दिया।
इससे ट्रैक्टर का टायर उनकी बाइक से टकराया और वह दोनों सड़क पर गिर गए। देखते ही देखते ट्रैक्टर ट्राली का टायर गुरलीन कौर की टांगों के ऊपर से निकल गया। साथ ही उसे भी आंख व दाईं टांग पर चोट आई। लोगों को भीड़ को मौके पर देख कर आरोपी ट्रैक्टर चालक वहां से फरार हो गया।
डायल 112 की पुलिस गाड़ी में गुरलीन कौर को गाबा अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद उसकी पत्नी को सेक्टर- 26 पंचकूला के निजी अस्तपाल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर को उपचार के दौरान उसकी पत्नी की टांग को काटना पड़ा। साथ ही उसे भी आंख से कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया । पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया।