यमुनानगर। रेलवे स्टेशन चौक के पास महिला का बैग चोरी हो गया। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में शास्त्री कॉलोनी निवासी प्रतिभा गुप्ता ने बताया कि वह 11 जनवरी को शाम करीब पांच बजे घर लौट रही थी। जब वह रेलवे स्टेशन चौक के पास पहुंची तो कुछ काम करने के लिए उसने अपना बैग पास में रख दिया। कुछ ही देर बाद जब उसने देखा तो बैग वहां से गायब था। बैग में 35 हजार रुपये, कपड़े, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस का कहना है आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज से चोर का सुराग लगाया जा रहा है। संवाद
कमरे से सामान उठा ले गए चोर
यमुनानगर। सर्राफ की दुकान के ऊपर बने कमरे से कीमती सामान उड़ा लिया गया। गांधीनगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कैंप निवासी तिलक राज ने शिकायत में बताया कि उसकी कैंप क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान है। दुकान के ऊपर उसने एक कमरा बना रखा है, जिसमें कुछ सामान रखा हुआ था। वह 10 जनवरी की रात दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन जब वह दुकान के ऊपर कमरे में पहुंचा तो एसी का कंप्रेसर, टुल्लू पंप, हैंड टूल्स, एल्यूमिनियम का दरवाजा और बाथरूम की टोटियां गायब मिलीं। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। संवाद