संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर अपराधियों द्वारा क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर एक वरिष्ठ नागरिक से 25 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित 68 वर्षीय मोहेन्द्र तनेजा निवासी सेक्टर-17, हुडा, जगाधरी ने थाना साइबर क्राइम यमुनानगर में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि जयपुर निवासी इशीता अग्रवाल ने निजी बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर धोखाधड़ी की।
पीड़ित के अनुसार करीब एक माह पहले उसके फेसबुक अकाउंट पर इशीता अग्रवाल नाम की महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातचीत शुरू होने पर महिला ने खुद को कपड़ों की मिल की मालकिन और विभिन्न व्यवसायों से जुड़ा बताया। उसने क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर भारी मुनाफा होने का लालच दिया और एक नामी कंपनी का लिंक व कस्टमर केयर नंबर भेजा।
आरोप है कि 3 दिसंबर 2025 को महिला और उसके साथियों के कहने पर पीड़ित ने यूपीआई आईडी पर एक लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद 5 दिसंबर को दोबारा एक लाख रुपये भेजे गए। लगातार व्हाट्सएप चैट के जरिए बताया जाता रहा कि उसके क्रिप्टो वॉलेट में यूनिट्स जमा हो रही हैं। भरोसा दिलाकर उसी दिन बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते में 8 लाख रुपये जमा करा लिए गए।
पीड़ित ने बताया कि 12 दिसंबर को हांधन बैंक के एक अन्य खाते में 15 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद एक क्रिप्टो वॉलेट का यूआरएल भेजा गया, जिसमें रकम दिखाई देती रही, लेकिन जब पैसे निकालने की कोशिश की गई तो निकासी नहीं हो सकी। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी लगातार नए लिंक और निवेश का दबाव बनाने लगे।
इसके बाद 35 लाख रुपये और निवेश करने को कहा गया। मना करने पर आरोपी ने धमकी दी कि यदि किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की गई तो जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने सिंगापुर का मोबाइल नंबर देकर विदेश से लौटकर रकम दिलाने का झांसा भी दिया। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी साजिश में उसके साथ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। साइबर थाना मामले की जांच में जुट गई है।