यमुनानगर। शहर के बीच से निकल रहे बाईपास पुल पर तेज रफ्तार 16 टायर वाले डंपर ने तीन वर्षीय गुलाब नगर निवासी रोय को कुचल दिया। रोय अपने पिता रविंद्र के साथ मामा को छोड़ने बाईपास पुल पर आया था।
बच्चे को कुचलने के बाद अनियंत्रित डंपर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में जा टकराया। जिससे ट्रॉली में भरी लकड़ियां भी बच्चे पर गिर गई और दोनों वाहन बाईपास की रेलिंग में लटक गए।
हादसे में बच्चे का शरीर कई हिस्सों में बंट गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। अगले माह 13 मई को बच्चे का जन्मदिन था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के नाथापट्टी गांव निवासी रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कैंप के गुलाब नगर में किराये पर रहता है और प्लंबर का काम करता है।
उसका साला कुशीनगर के जोगिया हिच्छा राय गांव निवासी धर्मेंद्र 14 अप्रैल को उनसे मिलने उनके घर आया था। उसके साले को बुधवार सुबह गुरुग्राम जाना था। सुबह वह अपने तीन साल के बेटे रोय के साथ धर्मेंद्र को ऑटो में बिठाने के लिए बाईपास पुल पर आए। उसके साले को बस स्टैंड से बस पकड़नी थी।
वे तीनों बाईपास पुल पर ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान महाराणा प्रताप चौक की तरफ से आ रहे बजरी से भरे तेज रफ्तार डंपर चालक ने डंपर उनकी तरफ मोड़ दिया। डंपर को अपनी तरफ आता देख उसने व उसके साले ने कूद कर जान बचाई। तभी डंपर उसके बेटे रोय को कुचलता हुआ आगे निकल गया।
डंपर के डबल टायर के नीचे आने से उसके बेटे के शरीर के लोथड़े दूर तक बिखर गए। उसी समय डंपर डंपर अनियंत्रित होकर विश्वकर्मा चौक की तरफ से आ रही लकड़ियों की ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गया। इससे ट्रॉली में भरी लकड़ियां भी उसके बेटे व सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद डंपर व ट्रैक्टर ट्रॉली बाईपास पुल की रेलिंग पर लटक गए।
इस हादसे में ट्रैक्टर चालक करनाल के गढ़ी सादान गांव निवासी मीर हसन भी घायल हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू किया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।