संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बापा में वीरवार को रन फॉर स्वदेशी कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने किया। रैली में स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। स्काउट एंड गाइड मास्टर हरीश चंद्र कांबोज ने बताया कि रन फोर स्वदेशी का उद्देश्य विद्यार्थियों को देशी उत्पादों, भाषा और संस्कृति के महत्व से अवगत कराना है। आज के समय में स्वदेशी को अपनाना केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मजबूती का भी प्रतीक है। रैली से पहले विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की शपथ दिलाई गई।
शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वदेशी भाषा, स्वदेशी विचार, स्वदेशी पहनावा और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। रैली विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र से होकर निकली, जहां विद्यार्थियों ने नारे लगाकर आमजन को भी स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्योगों को भी बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर राकेश पांचाल, योगेश शर्मा, हरिश्चंद्र कांबोज, विवेक छाबड़ा, सुरेश वर्मा, राजिंद्र मलिक, दीपचंद, रजनी देवी, कुलवंत कौर, सचिन और रीना सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।