जगाधरी। भारतसेवक नगर बस्ती की ओर से आगामी 8 फरवरी को शिवपुरी कॉलोनी सोसाइटी स्थित कार्तिकेय पार्क में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी कार्यक्रम संयोजक मनोज कुमार योगाचार्य ने बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां व्यापक स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। बैठक में जिला व्यवस्था प्रमुख सुनील भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न समितियों का गठन कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समितियों को प्रचार-प्रसार, व्यवस्था, अतिथि सत्कार, मंच संचालन और सुरक्षा जैसे दायित्व दिए गए हैं। मनोज कुमार योगाचार्य ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर निमंत्रण दिए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।