संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बीमार बेटे को देखने भूत माजरा गांव आए सहारनपुर के अपलाना गांव निवासी सचिन के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की। हमलावरों पर मोबाइल व बाइक छीनने का भी आरोप है। पुलिस ने घायल सचिन की शिकायत पर उसके पत्नी समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर केस दर्ज कर किया है।
सहारनपुर के अपलाना गांव निवासी सचिन ने बताया कि उसकी शादी 26 अप्रैल 2021 को भूत माजरा गांव निवासी काजल से हुई थी। उसके पास एक बेटा व बेटी है। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी काजल बच्चों को लेकर मायके आ गई। रविवार दोपहर उसे पता चला था कि उसकी बेटे अनीक की तबीयत खराब है। वह उसे देखने के लिए ससुराल भूत माजरा गांव आया।
जब वह अपनी ससुराल पहुंचा तो उसकी पत्नी काजल ने अपने भाई अभिषेक, पिता बलबीर, मां निशा व बहन प्रीति के साथ मिलकर मारपीट की। उसके साले अभिषेक ने नुकीले हथियार से उसके सिर में वार कर घायल कर दिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल व बाइक छीन ली और उसे जान से मारने की कोशिश की। वह बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर भागा।
पूरी रात उसने खेतों में बैठकर गुजारी। सुबह होने पर उसने किसी व्यक्ति से मोबाइल लेकर घर फोन किया और मामले की जानकारी दी। उसके परिवार सदस्य यहां पहुंचे और उसे अस्पताल में उपचार दिलाया। सदर थाना प्रभारी केवल सिंह का कहना है कि सचिन की शिकायत पर उसकी पत्नी काजल समेत परिवार के पांचों सदस्यों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।