संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 17 से 25 सितंबर तक स्वस्थ जन 100 दिवसीय व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लोगों में गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग,कैंसर, मोटापा, अस्थमा और अन्य पुरानी बीमारियों की समय पर पहचान कर उनकी रोकथाम एवं इलाज किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच करना है। उच्च रक्तचाप, मधुमेह और मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की स्क्रीनिंग करना, शरीर में होने वाले रोगों की समय पर पहचान कर रोगी को आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने कहा कि यह जांच सभी के लिए इसलिए जरूरी है, क्योंकि आजकल व्यस्त जीवनशैली, असंतुलित आहार, शारीरिक निष्क्रियता, तंबाकू एवं शराब का सेवन व प्रदूषण आदि कारणों से अनेक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसलिए प्रारंभिक अवस्था में रोगों की जानकारी प्राप्त करना और समय पर इनका उपचार करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस अभियान के माध्यम से 100 दिवसीय स्वास्थ्य जन अभियान का लाभ अवश्य उठाएं और अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, पीएचसी, सीएचसी या जिला अस्पताल में नि:शुल्क स्क्रीनिंग करवाएं। यह पूरी तरह नि:शुल्क है।