संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। जब नारी स्वस्थ होंगी तभी परिवार स्वस्थ और मजबूत होगा। स्वस्थ माहौल में सशक्त बनने के लिए पहले स्वस्थ होना आवश्यक है। पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने सीएचसी में स्वस्थ नारी-सशक्त भारत के तहत आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर परिवार एवं समाज को भी सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका ने स्वास्थ्य और शिक्षा में किए जा रहे बदलावों को बड़ा कदम बताया। उन्होंने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित सेवाएं प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है।
शिविर में स्त्री रोग, प्रसूति सेवाएं, पोषण परामर्श, किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, निशुल्क जांचें एवं औषधि वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एसएमओ डॉ. धर्मेश सैनी ने बताया कि शिविर के 408 लोगों की जांच करके उनका उपचार किया गया। इस दौरान बलवंत सिंह व रमेश ठसका ने भी अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। मौके पर मार्केट कमेटी चेयरमैन नवीन भसीन, नगरपालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा, भाजपा मंडल प्रधान गुरविंद्र चौधरी, मंडल महासचिव कृपाल सिंह ठसका, डॉ. सुमिता नागर, हेल्थ सुपरवाइजर संजीव, मौजूद रहे।