संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सरस्वती शिक्षण संस्थान के प्रांगण में नवरात्र समापन पर डांडिया नाइट एवं सांझी प्रतियोगिता करवाई गई। हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल के कलाकारों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं विद्यार्थियों ने विभिन्न कलात्मक प्रस्तुतियां दीं।
यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा मुख्यातिथि रहे। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश सपरा विशिष्ट अतिथि रहे। हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल के निदेशक नागेंद्र शर्मा अति विशिष्ठ अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन जूनियर जसपाल भट्टी के नाम से मशहूर गुरमीत सिंह चावला ने किया।
कार्यक्रम प्रबंधक समिति संरक्षक सतीश गर्ग, अध्यक्ष मुकेश गर्ग, कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता, उपप्रधान राम गोयल, सचिव विनोद गुप्ता, सह सचिव सुनील पंचदेव, समिति सदस्य प्रदीप व अभिमन्यु एवं सरस्वती शिक्षण संस्थान के दोनों प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापिकाओं की ओर से करवाया गया। कार्यक्रम का आकर्षण डांडिया डांस रहा।
विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, श्रीकृष्ण डांडिया रास, नारी शक्ति, दशानन वध इत्यादि सुंदर झांकियां प्रस्तुत की। वहीं, कार्यक्रम में अभिभावकों ने सांझी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान लक्की ड्रॉ भी निकाला गया। लक्की ड्रा के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांझी प्रतियोगिता के विजेता अभिभावकाें और प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए ऊंट की सवारी और विभिन्न खेल भी करवाए गए। इस दौरान मुख्यातिथि ने कहा कि हमारी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों की अत्यंत आवश्यकता है।