जगाधरी। नगर निगम की टीम ने वीरवार को जगाधरी के पुराना छछरौली रोड पर छह दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन बरामद की। टीम ने मौके पर ही सभी दुकानदारों के चालान काटते हुए उनसे छह हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अलग-अलग जोनों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। जोन वन में सीएसआई हरजीत सिंह और जोन दो में सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमें लगातार बाजारों और दुकानों की जांच कर रही हैं।
शुक्रवार को जगाधरी जोन में सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज, पंकज कुमार और होमगार्ड जवानों की टीम ने पुराना छछरौली रोड पर दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान छह दुकानदारों के पास से सिंगल यूज प्लास्टिक, प्रतिबंधित पॉलिथीन और अन्य प्लास्टिक सामग्री मिली। टीम ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।
अतिरिक्त निगमायुक्त धीरज कुमार ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के अंतर्गत पॉलिथीन, प्लास्टिक के चम्मच, डोने, गिलास, प्लेट, कप, कांटे, स्ट्रॉ, ट्रे, मिठाई के डिब्बों पर लगने वाली पन्नी, थर्माकोल सजावटी सामग्री, पीवीसी बैनर, प्लास्टिक स्टिक वाले ईयरबड, गुब्बारों में लगने वाली प्लास्टिक स्टिक और प्लास्टिक झंडों समेत 19 प्रकार के प्लास्टिक आइटम पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसके स्थान पर कपड़े, जूट या कागज के थैलों का उपयोग करें, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। संवाद