फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक पर जा रहे दंपती की गई जान

Wed, 07 May 2025 12:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

साढौरा (यमुनानगर)। ईस्माइलपुर गांव के पास सोमवार देर रात स्कॉर्पियो कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती शामपुर गांव निवासी जगदीश व उसकी पत्नी कांता देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद पेड़ से टकरा कर स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी चालक मौके से भाग गया। थाना साढौरा पुलिस ने जगदीश के बेटे साहिल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में साहिल ने बताया कि उसके दोस्त ईस्माइलपुर निवासी कमलजीत ने कुवैत से वापस आने पर अपने घर पर पार्टी की थी। सोमवार रात इस पार्टी में उसके अलावा छोटा भाई सौरभ और पिता जगदीश व माता कांता देवी भी गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद साहिल व सौरभ दोनों भाई एक बाइक पर और जगदीश व कांता दूसरी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
विज्ञापन

ईस्माइलपुर गांव से बाहर निकल कर वह गोगा माड़ी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आई। जगदीश ने इससे बचने के लिए बाइक को एक साइड में भी किया, लेकिन स्कॉर्पियो चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो की टक्कर लगते ही जगदीश व कांता सड़क पर गिर गए।
इससे उनके सिर व शरीर के कई हिस्सों पर काफी चोट लगी। मौके पर पहुंचे साहिल ने जगदीश व कांता को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार देकर जगाधरी के उप सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान ही दोनों की मौत हो गई।
राजमिस्त्री का काम करने वाले 50 वर्षीय जगदीश ने सारी जिंदगी मेहनत करके अपने दोनों बेटों साहिल व सौरभ को अच्छी शिक्षा प्रदान की। बीए तक की पढ़ाई करने के बाद 22 वर्षीय साहिल तो एक लैब में काम करने लग गया था। वहीं छोटा बेटा 20 वर्षीय सौरभ भी जल्दी ही अपनी पढ़ाई पूरी करके परिवार का सहारा बनने के लिए प्रयासरत था।
जगदीश व कांता ने सपने संजोए हुए थे कि दोनों बेटे जल्दी ही रोजगार पाकर उनका सहारा बन जाएंगे। इसके बाद उनकी शादी करके घर में रौनक होना भी उनका सपना था। हादसे ने साहिल व सौरभ के सिर से मां-बाप का साया ही नहीं सारी खुशियां भी छीन ली। हादसे के बाद से गांव शामपुर में मातम पसरा है।
विज्ञापन

मृतक दंपती के बेटे साहिल के बयान पर स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। - अमित कुमार, एसएचओ, थाना साढौरा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें