संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के जगाधरी क्षेत्र स्थित केसर कॉलोनी से एक बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तक वह पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में गली में खेलता हुआ दिखाई दिया था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार के अनुसार, बच्चे को सुबह उसके बड़े भाई ने साइकिल चलाने को लेकर डांटा था और थप्पड़ भी मारा था। इसके बाद से ही वह घर से लापता है। परिजन इस घटना के बाद से लगातार आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
केसर कॉलोनी निवासी पुनीत ने बताया कि बच्चा पंकज गले की बीमारी से पीड़ित है और बोलने में असमर्थ है। करीब दो माह पहले उसे इलाज के लिए बिहार से यमुनानगर लाया गया था और उसका उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा था। पंकज अधिकतर घर पर ही रहता था और उसे साइकिल चलानी नहीं आती थी, फिर भी वह अक्सर साइकिल चलाने की जिद करता था। शुक्रवार सुबह जब पुनीत काम पर जाने लगा, तो पंकज ने फिर साइकिल चलाने की जिद की, जिस पर उसे डांट दिया गया और थप्पड़ भी मारा गया।
शाम को जब पुनीत काम से लौटा, तो पंकज घर पर नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और अपने स्तर पर खोजबीन भी की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें वह सुबह 11 बजे तक गली में बच्चों के साथ खेलता दिखाई दिया। इसके बाद वह कहीं नजर नहीं आया। जगाधरी सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।