सरस्वती उद्गम स्थल आदिबद्री में सोम नदी पर करीब चार करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनेगा। इस पुल के बनने से श्रद्धालुओं को भगवान केदारनाथ के मंदिर में दर्शन करने की राह आसानी होगी। क्योंकि फिलहाल मुख्य सड़क को श्री केदारनाथ मंदिर से जोड़ने के लिए जो पुल बना है वह कंडम हो चुका है। पुल का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त भी है। अब तो यह माना जा रहा है कि सोम नदी में दोबारा उफान आया तो शायद ही पुल अपनी जगह टिका रह सकेगा। नए पुल का निर्माण सितंबर माह के आखिरी सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। सितंबर में काम शुरू हुआ तो नव वर्ष में श्रद्धालुओं को नए पुल का तोहफा मिल जाएगा।
श्री केदारनाथ मंदिर तक जाने के लिए सोम नदी पर जो नया पुल बनाया जाएगा उसकी लंबाई 32 मीटर व चौड़ाई साढ़े सात मीटर की होगी। यह पुल सिंगल स्पैम का होगा। अभी सोम नदी पर जो पुल बना है उससे कुछ कदम की दूरी पर ही नया पुल बनेगा। यह पुल पुराने पुल से ऊंचा और चौड़ा होगा। पुल के ऊंचा बनने से यह काठगढ़ से आने वाली सड़क के समतल हो जाएगा। जबकि पुराना पुल सड़क से काफी नीचे है। श्री केदारनाथ के मंदिर जाने के लिए श्रद्धालुओं को पहले सड़क से नीचे उतर कर पुल पर जाना पड़ता है और फिर दूसरे किनारे पर चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। इसके अलावा पुराने पुल की चौड़ाई भी करीब छह फीट है। वहीं नए पुल की चौड़ाई इससे चार गुणा तक ज्यादा होगी।
आदिबद्री सरस्वती नदी का उद्गम स्थल है। यहां पर उद्गम स्थल के अलावा आदिबद्री मंदिर व पहाड़ी की चोटी पर माता मंत्रा देवी का मंदिर है। मंदिरों के दर्शन करने के लिए यहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार इसके पर्यटन केंद्र के तौर पर भी विकसित कर रही है। हर साल यहां सरस्वती महोत्सव का भी आयोजन होता है। चारों तरफ हरी भरी पहाड़ियां होने के कारण गर्मी के दिनों में तो यहां काफी यात्री आते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के लिए नया पुल काफी अहम है।
केदारनाथ मंदिर जाने के लिए जो पुराना पुल है वह जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसी माह हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से सोम नदी में उफान आ गया था। पानी इतना ज्यादा था कि वह पुल के ऊपर से भी निकल गया था। इससे पुल को काफी नुकसान हुआ है। पुलिस के आसपास से मिट्टी भी बह गई है। श्रद्धालु अपनी जान को जोखिम में डाल कर पुल पार कर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी नारायणगढ़ के एक्सईएन अमित मलिक ने बताया कि केदारनाथ मंदिर के पास सोम नदी पर नया पुल बनाया जाना है। टेंडर लगाने के बाद एजेंसी को वर्क अलॉट कर दिया है। सितंबर माह के आखिर में काम शुरू होने की उम्मीद है। तब तक मानसून सीजन भी खत्म हो जाएगा। नए पुल से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को काफी फायदा होगा।