सहकारिता मंत्री सांगवान ने किया दी यमुनानगर केंद्रीय सहकारी बैंक के भवन का उद्घाटन
यमुनानगर। सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने रविवार को एक करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए दी यमुनानगर केंद्रीय सहकारी बैंक की जगाधरी शाखा के नव निर्मित भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष अकरम खान ने की। सहकारिता मंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में सहकारी बैंकों को आनलाइन करने के लिए मुहिम चलाई गई है और जल्द ही सभी सहकारी बैंकों को ऑन लाइन कर इन बैंकों में एटीएम की सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में सहकारी बैंकों के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं और बैंकों में नए कर्मचारियों की भर्तियां की जा रही है। सहकारी बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनेकों प्रकार की सुविधाएं भी प्रदान की जा रही है। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष अकरम खान ने कहा कि पैक्स कर्मचारियों को राज्य सरकार ने 2006 से बकाया एरियर की राशि प्रदान की है। इसका श्रेय सहकारिता मंत्री सतपाल सिंह सांगवान को जाता है। समारोह में सढौरा के विधायक राजपाल भूखडी, दी यमुनानगर केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन केहर सिंह झंडा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकेश दत्त ने भी अपने विचार रखे। जिला उपायुक्त अशोक सांगवान ने कहा कि जिले में सहकारी बैंकों की 32 शाखाएं हैं। बैंकों के कर्मचारियों की लोगों में सही छवि बरकरार रहनी चाहिए तभी हर वित्तीय संस्था का कारोबार बढ़ सकता है। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपाल भाटी, सहकारी बैंक के एमडी नरेश राणा, जगाधरी के उपमंडलाधीश आरएन कौशिक, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी स्वर्ण सिंह आदि मौजूद रहे।
जगाधरी बस स्टैंड के नजदीक नेशनल हाईवे 73 के पास जगाधरी में इस बैंक की नई इमारत का निर्माण 12 सौ वर्ग गज क्षेत्र में किया गया है। इस इमारत की दो मंजिलें बनाई गई हैं।