जगाधरी। अनाज मंडी से शुक्रवार रात को 11 कट्टे धान की चोरी करने वाले तीन आरोपियों को शहर पुलिस ने कमानी चौक के पास से काबू कर लिया। पुलिस ने गांव भेड़थल निवासी आढ़ती दलजीत की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ दुकान के बाहर से धान चोरी करने का केस दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक रविवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शहर पुलिस को दी शिकायत में गांव भेड़थल निवासी दलजीत सिंह ने कहा कि अनाज मंडी में उनकी बलबीर सिंह और बलजिंद्र सिंह के नाम से आढ़त की दुकान है। शुक्रवार को उनकी दुकान पर धान बिक्री के लिए आई थी। इसकी तुलाई करवाने के बाद उसने धान को कट्टों में भरवा दिया। इसके बाद धान से भरे कट्टों को दुकान के समक्ष सड़क किनारे लगा दिया गया। ज्यादा रात होने की वजह से वह अपने घर चला गया। शनिवार सुबह जब वह दुकान पर आया, तो उसे नौकर ने बताया कि शुक्रवार रात को दो थ्री व्हीलरों में तीन लोग आए थे, जो उनके धान से भरे कट्टे चुरा कर ले गए। जब उसने कट्टों की गिनती की, तो उसमें से 11 कम मिले। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-17 चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विभीषण ने पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया तथा दलजीत की शिकायत पर धान की चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पकड़े गए लोगों में टैगोर गार्डन निवासी नरेंद्र कुमार, मंडेबर निवासी राजपाल व कांसापुर निवासी पप्पू शामिल हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि तीनों से पुलिस ने 8 कट्टे धान के बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी सामान की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।