संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर (व्यासपुर)। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के चुनाव में वार्ड नंबर 10 में बिलासपुर, साढौरा व छछरौली शामिल हैं। इस वार्ड में पांच प्रत्याशियों का भाग्य 9144 मतदाताओं के हाथ में होगा। चुनाव के सही आयोजन को लेकर चुनाव अधिकारी एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगा कार्य शुरू कर दिया गया है।
यहां चुनाव में पांच प्रत्याशियों के लिए 4505 पुरुष व 4639 महिला मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा मतदान काे लेकर वार्ड 10 के लिए बिलासपुर, साढौरा व छछरौली में 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टियां एक दिन पहले पहुंच जाएंगी। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके पश्चात वोटिंग मशीनों को एसडीएम कार्यालय में लाया जाएगा। वहां 19 जनवरी शाम को परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
मतदान प्रक्रिया को सही प्रकार से आयोजन को लेकर चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी 13 मतदान केंद्रों पर बूथ का नाम व नंबर लिखवाया गया है। बूथ पर रैंप, पीने के पानी की सुविधा, बिजली की सुविधा, बैठने के लिए फर्नीचर की सुविधा, शौचालय की सुविधा सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
वार्ड नंबर 10 के लिए बिलासपुर में राजकीय माध्यमिक विद्यालय दरियापुर, राजकीय माॅडल स्कूल बिलासपुर, राजकीय मिडल स्कूल मारवा खुर्द, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मछरौली, साढौरा में हिंदू संस्कृति स्कूल, राजकीय माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रसूलपुर, छछरौली में राजकीय माध्यमिक विद्यालय कड़कौली, राजकीय माध्यमिक विद्यालय हाफिजपुर, राजकीय माध्यमिक विद्यालय बलौली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली, राजकीय माध्यमिक विद्यालय चंगनौली, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोट में मतदान केंद्र बनाए गए है।
ये उम्मीदवार मैदान में
हरियाणा सिख पंथक दल के प्रदेश प्रभारी बलदेव सिंह कायमुपर, दलजीत सिंह बाजवा झिंडा ग्रुप, हरप्रीत सिंह बलौली आजाद उम्मीदवार, मनमोहन सिंह बलौली आजाद उम्मीदवार व सिख समाज संस्था की ओर से मानीपुर गांव के गुरमेल सिंह चुनाव मैदान में हैं।