यमुनानगर। पुलिस चौकी कलानौर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को 8.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश से हरियाणा में नशीला पदार्थ लेकर प्रवेश कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। चौकी इंचार्ज राजीव कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि कलानौर मार्ग से दो युवक बाइक पर नशीले पदार्थ लेकर आएंगे। इसके बाद विशेष टीम गठित कर नाकाबंदी की गई और वाहनों की गहन जांच शुरू की गई।
कुछ समय बाद सूचना के अनुसार बाइक सवार युवक दिखाई दिए, जिन्हें शक के आधार पर रोका गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ अखिलेश वालिया को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में दोनों युवकों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से कुल 8.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान चौधरी काॅलोनी आजाद नगर निवासी जोनी पुत्र जगदीश राणा और कर्ण उर्फ जोनी के रूप में हुई। पुलिस ने इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि हेरोइन नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।