जगाधरी। सेक्टर-17 स्थित भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में जनता दरबार लगाया गया। जिसमें कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। यह शिविर कैबिनेट मंत्री कंवरपाल के नेतृत्व में शुक्रवार को देर शाम लगाया गया। इसमें जिलेभर से लोग 90 शिकायतें लेकर पहुंचे। जिनमें से 75 शिकायतों का मौके पर समाधान करवाया गया।
मंत्री कंवरपाल ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है। अब लोगों को ऑनलाइन सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, राशन कार्ड, राशन वितरण, बिजली, पानी इत्यादि के अलावा अपराध संबंधित शिकायतें लेकर लोग आए। जिनका मौके पर समाधान कर दिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समाधान शिविर में मौजूद रहने व लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम एसई हेमंत कुमार, डीएमसी डॉ. विजय पाल यादव, एमई मुनिश्वर भारद्वाज, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, बिजली निगम के अधिकारी के अलावा मंडल अध्यक्ष विपुल गर्ग, महामंत्री प्रियांश शर्मा, महामंत्री अंकित गोयल, नकुल गोयल, पीयूष गोगियान, वरुण बत्तरा सहित अन्य पदाधिकारी, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।